चंपावत: अद्वैत आश्रम मायावती में निशुल्क चिकित्सा शिविरों की शुरुआत, 28 फरवरी–1 मार्च को विशेष ईएनटी कैंप।

Share This Post

लोहाघाट। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में वर्ष 2026 के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविरों की श्रृंखला विधिवत प्रारंभ हो गई है। पर्वतीय क्षेत्र में नाक, कान और गला (ईएनटी) से संबंधित रोगियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चिकित्सालय प्रबंधन ने 28 फरवरी एवं 1 मार्च को दो दिवसीय विशेष निशुल्क ईएनटी शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है।
आश्रम के अध्यक्ष स्वामी शुद्धानंद जी महाराज ने बताया कि वर्ष 2026 के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविरों की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली गई है। पूरे वर्ष विभिन्न रोगों के उपचार हेतु विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष इंग्लैंड से भी विशेषज्ञ चिकित्सक यहां आकर अपनी सेवाएं देंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य जीवन की दिशा मिलेगी।
चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष ईएनटी शिविर के संचालन हेतु कोलकाता से प्रसिद्ध ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. शेखर बनर्जी विशेष रूप से मायावती पहुंच रहे हैं। शिविर में नाक, कान और गले से संबंधित रोगों की जांच, परामर्श तथा आवश्यक उपचार पूर्णतः निशुल्क प्रदान किया जाएगा।
चिकित्सालय प्रबंधन ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है। पर्वतीय अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को मजबूत करने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

फोटो_अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय का एक नजारा।


Share This Post