चंपावत: आपदा में राहत पहुंचाने में देरी नहीं चलेगी- कौशिक।

Share This Post

चंपावत। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने रविवार को जिला सभागार में आपदा प्रबंधन, आयुष और पंचायती राज विभाग की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू करने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र सिंह पटवाल ने 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम, आपातकालीन हेलीपैड, मॉक ड्रिल, पूर्व चेतावनी प्रणाली तथा ‘सचेत’ और ‘भूदेव’ एप की तैयारियों की जानकारी दी। कौशिक ने कहा कि प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। जनप्रतिनिधियों की मांगों पर उन्होंने राहत मानकों और दरों में आवश्यक सुधार का भरोसा दिया।
आयुष विभाग की समीक्षा में उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने, स्टाफ की कमी दूर करने और पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किराये के भवनों में संचालित आयुष अस्पतालों के लिए भूमि चिह्नित कर स्थायी भवन निर्माण की प्रक्रिया तेज करने को कहा।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा में ग्रामीण विकास, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल पंचायत सेवाओं की प्रगति जानी गई। मंत्री ने कहा कि पंचायतों के माध्यम से विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।
इससे पहले मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।
बैठक में दर्जा राज्यमंत्री सुभाष बगौली, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, सीडीओ डॉ. जीएस खाती, एडीएम कृष्णनाथ गोस्वामी समेत अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

फोटो_समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक। साथ में डीएम मनीष कुमार व अन्य।


Share This Post