ग्रामोत्थान रीप परियोजना की पहल से बोरागोठ की महिलाओं ने शुरू किया नया सामूहिक उद्यम।
चंपावत। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ग्राम्य विकास विभाग की ग्रामोत्थान रीप परियोजना लगातार नई पहल कर रही है। इसी कड़ी में बोरागोठ की आशा स्वयं सहायता समूह की सात महिलाओं ने सामूहिक उद्यम की मिसाल पेश करते हुए सचल फूड वैन रेस्टोरेंट की शुरुआत की है।
सचल फूड वैन का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी एवं किरन देवी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी ने कहा कि यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ही स्वरोजगार के नए अवसर भी प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि समूह की महिलाओं द्वारा संचालित यह उद्यम अन्य स्वयं सहायता समूहों के लिए भी प्रेरणादायक साबित होगा।
आशा स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष मीना देवी ने ग्रामोत्थान परियोजना का आभार जताते हुए बताया कि सचल फूड वैन के माध्यम से लोगों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही समूह की महिलाओं को नियमित आय का साधन मिलेगा।
कार्यक्रम में ग्रामोत्थान के सहायक प्रबंधक संस्थाएं प्रकाश पाठक ने समूह की महिलाओं को वैन के नियमित संचालन, रखरखाव और बेहतर प्रबंधन के लिए प्रेरित किया। वहीं सहायक प्रबंधक आजीविका सुमित कुमार ने आय-व्यय का रिकॉर्ड रखने, दस्तावेजों के रखरखाव और संचालन से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी।
इस अवसर पर ग्रामीण बैंक टनकपुर के शाखा प्रबंधक, आशा समूह की सदस्य, ओम संकुल संघ के पदाधिकारी व कर्मचारी, ब्लॉक रीप से हरीश गोस्वामी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर, जिलाध्यक्ष दीपा जोशी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
फोटो_बोरागोठ में आशा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सचल फूड वैन का शुभारंभ करते अतिथि।
चंपावत: आशा समूह की महिलाओं ने भरी नई उड़ान, अब सचल फूड वैन से बढ़ेगी आय।
