चंपावत: उत्तराखंड के पहले मिनी ग्रामीण सचिवालय की शुरुआत, रायनगर चौड़ी बना ग्रामीण विकास का नया मॉडल।

Share This Post

ब्लॉक प्रमुख महेंद्र ढेक ने किया शुभारंभ,अब एक ही छत के नीचे ग्रामीणों को मिलेंगी पंचायत एवं जनसेवाओं की सुविधाएं, डीएम मनीष कुमार की प्रेरणा से साकार हुई पहल।

लोहाघाट (चंपावत)। मॉडल जिला चम्पावत का रायनगर चौड़ी गांव एक बार फिर अपनी अनूठी पहल को लेकर चर्चा में है। लोहाघाट नगर से सटे इस गांव में ग्रामीणों की परिकल्पना और जनसहभागिता से उत्तराखंड के पहले मिनी ग्रामीण सचिवालय की शुरुआत की गई। पंचायत भवन को ग्रामीणों के लिए एक ऐसे सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां भविष्य में पंचायत से जुड़ी अधिकांश सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। मिनी ग्रामीण सचिवालय का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख महेंद्र ढेक ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और इस पहल को गांव के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख महेंद्र ढेक ने कहा कि रायनगर चौड़ी आज पूरे जिले के लिए प्रेरणा बन चुका है। यहां के लोगों ने अपनी मेहनत, एकजुटता और सामूहिक सोच से गांव की तस्वीर बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यदि हर गांव इसी तरह विकास की परिकल्पना को जनआंदोलन बनाए, तो ग्रामीण क्षेत्रों का स्वरूप पूरी तरह बदल सकता है। पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने गांव की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि रायनगर चौड़ी ने यह साबित कर दिया है कि विकास केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि जनभागीदारी और सकारात्मक सोच से भी संभव है। उन्होंने ग्रामीणों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान जानकी राय ने की, जबकि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक नरेश राय ने संचालन किया। उन्होंने कहा कि रायनगर चौड़ी हमेशा शिक्षा, सामाजिक कार्यों और विकास के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। अब मिनी ग्रामीण सचिवालय की स्थापना से गांव के लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पंचायत भवन में ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।
ग्राम प्रधान जानकी राय ने बताया कि इस अभिनव पहल की प्रेरणा उन्हें जिलाधिकारी मनीष कुमार से मिली। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर ग्रामीणों के लिए एक प्रभावी सेवा केंद्र बनाया जाएगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि शिक्षाविद नाथूराम राय, केशव गिरी और रंगकर्मी भैरव दत्त राय, धर्मानंद रात के मार्गदर्शन में गांव लगातार नई पहचान बना रहा है। मिनी ग्रामीण सचिवालय उसी सोच का विस्तार है। कार्यक्रम में बीडीसी सदस्य अमित राय, जितेंद्र राय, ललित पांडे, धर्मानंद राय, मोहन राय, हरीश कापड़ी, देवेंद्र राय, कमल राय, नीरज राय, प्रमोद कापड़ी, हेमा देवी, दुर्गा देवी, माया राय, ममता कापड़ी सहित अनेक ग्रामीणों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन पर गांव की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना के साथ पंचायत भवन में सामूहिक रूप से रामायण के सुंदरकांड का पाठ किया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

फोटो_ रायनगर चौड़ी में उत्तराखंड के पहले मिनी ग्रामीण सचिवालय का शुभारंभ करते ब्लॉक प्रमुख महेंद्र ढेक। साथ में पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल एवं अन्य जनप्रतिनिधि।


Share This Post