चंपावत। कृषि उत्पादकता बढ़ाने और किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उद्यान विभाग ने आलू की उन्नत प्रजाति के बीज का वितरण शुरू कर दिया है। सहायक विकास अधिकारी (उद्यान) निधि जोशी के नेतृत्व में यह वितरण कार्य चंपावत नगर में संचालित किया जा रहा है।

विभाग द्वारा आज कुल 180 आलू के कट्टे किसानों को वितरित किए गए। वितरण केंद्र पर बड़ी संख्या में किसान बीज लेने पहुंचे, जिससे यह स्पष्ट है कि क्षेत्र में आलू की खेती को लेकर किसानों में खासा उत्साह है।
मालूम हो कि चंपावत नगर और इसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आलू की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। किसानों का कहना है कि उन्नत किस्म के बीज से उत्पादन बेहतर होने की संभावना है। बीज मिलने के साथ ही कई किसान तुरंत बुवाई कार्य में जुट गए हैं।

वितरण एवं मार्गदर्शन कार्य में सहायक विकास अधिकारी निधि जोशी के साथ रेखा चंद, दिनेश बिष्ट, महेश गरिया, उद्यान सहायक गोपाल राम एवं चंद्रशेखर पांडे सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
