चंपावत: एनएसएस शिविर का तीसरा दिन: योग, स्वच्छता अभियान और सांस्कृतिक रंगों से गूंजा देवीधुरा।

Share This Post

माँ वाराही मंदिर परिसर में चला सफाई अभियान, रैली से दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

लोहाघाट। राजकीय इंटर कॉलेज, देवीधुरा में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का तीसरा दिन उत्साह, ऊर्जा और सामाजिक सरोकारों के साथ संपन्न हुआ। दिन की शुरुआत प्रातःकालीन योग एवं व्यायाम सत्र से हुई, जिसमें स्वयंसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। नाश्ते के उपरांत स्वयंसेवियों ने परियोजना कार्य के तहत माँ वाराही मंदिर परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान क्षेत्र में पॉलिथीन उन्मूलन को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।‌ कार्यक्रम अधिकारी नरेन्द्रनाथ गोस्वामी के नेतृत्व में ठाकुर सिंह बिष्ट, शकुंतला बोहरा और नीलम जोशी के मार्गदर्शन में स्वयंसेवियों ने बाजार क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से आमजन को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित किया गया।
मध्याह्न भोजन के बाद आयोजित बौद्धिक सत्र में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक से आए मुख्य अतिथि ललित मोहन पाण्डेय ने विभिन्न बचत योजनाओं की जानकारी देते हुए स्वयंसेवियों को वित्तीय साक्षरता का महत्व समझाया। पूर्व सैनिक होने के नाते उन्होंने अनुशासन, समय प्रबंधन और राष्ट्रसेवा से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। इस सत्र का संचालन हेमेश द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें कुमाऊंनी गीत, भजन, कविता पाठ और लोकनृत्य शामिल रहे। मोहित, देवेंद्र, ज्योति, दीपिका, निर्मला, पूजा, अंजली, नरेंद्र, सुनीता, गरिमा, नवल और दीक्षा सहित अन्य स्वयंसेवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।


फोटो – देवीधुरा में आयोजित एनएसएस शिविर के तीसरे दिन स्वच्छता अभियान चलाते एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते स्वयंसेवी।


Share This Post