चंपावत: एसएसबी–पशुपालन विभाग के एमओयू से स्थानीय पशुपालकों को सीधा लाभ, आय में हुआ इज़ाफा

Share This Post

चंपावत। पंचम वाहिनी एसएसबी, गृह मंत्रालय भारत सरकार तथा पशुपालन विभाग, चंपावत (उत्तराखंड सरकार) के मध्य हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। एमओयू के अंतर्गत जनपद के स्थानीय पशुपालकों द्वारा 35 किलोग्राम जिंदा बकरी की आपूर्ति की गई।
इस आपूर्ति के माध्यम से संबंधित पशुपालकों को कुल ₹10,500 की शुद्ध आय प्राप्त हुई है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचा है। यह पहल सीमांत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय पशुपालकों को उनके उत्पादों के लिए सुनिश्चित बाजार उपलब्ध कराना तथा सरकारी संस्थानों और ग्रामीण उत्पादकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। इससे न केवल पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया कि इस एमओयू के तहत भविष्य में भी स्थानीय पशुपालकों को नियमित रूप से विपणन के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे पशुपालन को एक स्थायी एवं लाभकारी आजीविका के रूप में विकसित किया जा सके।


Share This Post