चंपावत: कार पर गिरा बोल्डर, एक की मौत; चार घायल।

Share This Post

घाट-पनार मार्ग पर बाराकोट के पास हादसा, टिम्टा से पिथौरागढ़ जा रही कार बनी बोल्डर का निशाना।

बाराकोट/चंपावत। पहाड़ में बारिश के बीच सफर एक बार फिर भारी पड़ गया। सोमवार दोपहर घाट-पनार मार्ग पर बाराकोट के पास अचानक पहाड़ी से टूटा भारी बोल्डर चलती कार के ऊपर जा गिरा। हादसे में कार सवार संदीप कुमार (35) की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा दोपहर करीब 12 बजे एनएच-309ए पर हुआ। कार संख्या UK05TA-2878 टिम्टा, गंगोलीहाट से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। बाराकोट क्षेत्र में पहुंचते ही पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर गिरा और कार को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए इस हादसे में कार सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
मृतक की पहचान संदीप कुमार पुत्र भवानी राम, निवासी ग्राम टिम्टा, गंगोलीहाट, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। घायलों में सुनील कुमार (23), सुभाष राम (40), मनोहर (45) और राहुल (32) शामिल हैं। सभी टिम्टा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

हादसे की खबर मिलते ही दौड़ा प्रशासन_

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग, एसडीआरएफ और 108 की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत-बचाव दल ने क्षतिग्रस्त कार से घायलों को बाहर निकाला। चार घायलों को लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय भेजा गया, जबकि एक घायल को परिजन उपचार के लिए पिथौरागढ़ जिला चिकित्सालय ले गए।
घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून को भी दी गई।

बारिश में पहाड़ पर सफर बना जोखिम_

लगातार बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन लगातार लोगों को अति आवश्यक होने पर ही यात्रा करने और संवेदनशील मार्गों पर सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। घाट-पनार मार्ग पर हुआ यह हादसा इस चेतावनी की गंभीरता को एक बार फिर सामने ले आया है—पहाड़ पर कब कौन-सा पत्थर मौत बनकर टूट पड़े, इसका कोई भरोसा नहीं।

फोटो_घाट-पनार मार्ग पर कार के ऊपर गिरा भारी बोल्डर।


Share This Post