स्वरोजगार अपनाकर बनें बदलाव की मिसाल, अन्य महिलाओं को भी करें प्रेरित- डीएम मनीष कुमार।
चंपावत। जनपद की महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) चंपावत की पहल रंग लाती दिख रही है। संस्थान में आयोजित 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर एवं 12 दिवसीय फास्ट फूड लघु उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ, जहां प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं के चेहरे पर आत्मविश्वास और नए सपनों की चमक साफ दिखाई दी।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए कहा कि आज के दौर में कौशल ही सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों और अनुभव का उपयोग कर महिलाएं अपना स्वयं का रोजगार स्थापित करें और आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिखें। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर महिला न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज की प्रगति का आधार बनती है।
सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत के बल पर महिलाएं हर क्षेत्र में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे इस प्रशिक्षण को रोजगार और सम्मानजनक आजीविका का मजबूत माध्यम बनाएं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को ब्यूटी पार्लर व्यवसाय से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, मेकअप, फेशियल, हेयर कटिंग, हेयर स्टाइलिंग, स्किन केयर एवं मेहंदी कला का गहन व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। वहीं फास्ट फूड उद्यमी प्रशिक्षण में स्वाद के साथ व्यवसाय का हुनर भी सिखाया गया, जिसमें खाद्य पदार्थ निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता मानकों, मार्केटिंग और लघु उद्यम संचालन की बारीकियों की जानकारी दी गई।
संस्थान के निदेशक प्रांशु मैठाणी ने बताया कि आरसेटी लगातार ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।
कार्यक्रम में बाह्य परीक्षक जनार्दन चिलकोटी, पुष्पा मैनी, भगवती बिष्ट, संस्थान के फैकल्टी सदस्य, प्रशिक्षणार्थी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोटो_प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों से संवाद करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत: कौशल की ताकत से आत्मनिर्भरता की राह, आरसेटी प्रशिक्षण के बाद महिलाओं ने भरी सफलता की उड़ान।

