आईटीबीपी, एसएसबी, पुलिस, होमगार्ड व एनसीसी की परेड ने दिया सुरक्षा का भरोसा।
चंपावत। 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर चंपावत पुलिस लाइन में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में अनुशासन, शौर्य और राष्ट्रभक्ति की सशक्त झलक देखने को मिली। आईटीबीपी, एसएसबी, उत्तराखंड पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी की टुकड़ियों ने समन्वित मार्चपास्ट कर देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती का संदेश दिया।
परेड की सलामी मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ली। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के साथ परेड का निरीक्षण किया। परेड का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक शिवराज सिंह राणा ने किया। अग्रिम पंक्ति में आईटीबीपी 36वीं वाहिनी की महिला टुकड़ी “हिमवीर शेरनियां” पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ीं, जिनका नेतृत्व दरबान सिंह कर रहे थे।
उत्तराखंड पुलिस टुकड़ी का नेतृत्व विपुल जोशी, महिला पुलिस दल का भावना गहतोड़ी, होमगार्ड प्लाटून का सतीश शर्मा तथा एनसीसी कैडेट्स का नेतृत्व सीनियर अंडर ऑफिसर प्रियांशु ढेक ने किया। परेड के दौरान जवानों की अनुशासित कदमताल और जोशीले नारों ने उपस्थित लोगों में उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम में पुलिस, अग्निशमन, डायल-112, चीता मोबाइल, हिल पेट्रोल यूनिट एवं आपदा राहत दल की झांकियां भी प्रदर्शित की गईं, जिनमें विभागीय कार्यप्रणाली और त्वरित सेवाओं की जानकारी दी गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आईटीबीपी महिला टुकड़ी को प्रथम, एसएसबी को द्वितीय, जबकि एनसीसी कैडेट्स और होमगार्ड को तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश आज रक्षा, खाद्यान्न और औद्योगिक क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान और नशामुक्त उत्तराखंड को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया तथा चंपावत को मॉडल जिला के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
समारोह में स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का मन मोहा। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमा पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, सेना, आईटीबीपी व एसएसबी के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व आमजन मौजूद रहे।
फोटो_पुलिस लाइन में परेड का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार व पुलिस अधीक्षक अजय गणपति।
चंपावत: गणतंत्र दिवस पर चंपावत पुलिस लाइन में दिखा अनुशासन और शौर्य का दम-खम।
