तीन दिन तक उत्तराखंड के नामी कलाकारों की प्रस्तुतियों से गुलजार रहेगा चंपावत।
चंपावत। देवभूमि की समृद्ध लोक संस्कृति, आस्था और परंपराओं के प्रतीक गोल्ज्यू महोत्सव 2026 में आज से बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक संध्याओं ‘स्टार नाइट्स’ का भव्य आगाज़ होने जा रहा है। नगर पालिका परिषद चंपावत द्वारा आयोजित यह महोत्सव 04 मई से पूरे उत्साह और गरिमा के साथ संचालित हो रहा है और अब अपने सांस्कृतिक शिखर की ओर बढ़ रहा है।
जनपद के ऐतिहासिक गोरलचौड़ मैदान में आज से संगीत, लोकसंस्कृति और रंगारंग प्रस्तुतियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। तीन दिनों तक उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत 14 मई को होगी, जिसमें प्रसिद्ध लोक गायक दर्शन फर्स्वाण, ललित मोहन जोशी, स्वाति भट्ट एवं हरू जोशी अपनी दमदार प्रस्तुतियों से लोकधुनों की छटा बिखेरेंगे।
15 मई को गोविंद दिगारी, खुशी दिगारी, श्वेता माहरा तथा सौरभ मैठाणी अपनी विशेष प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
महोत्सव के अंतिम एवं समापन दिवस 16 मई को सुप्रसिद्ध लोक गायिका माया उपाध्याय, इंद्र आर्या एवं नीरज चुफाल अपनी सुरीली और ऊर्जावान प्रस्तुतियों से महोत्सव को यादगार विदाई देंगे।
महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नगर पालिका एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि दर्शकों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि गोल्ज्यू महोत्सव केवल एक उत्सव नहीं बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, लोकआस्था और सामूहिक उल्लास का जीवंत प्रतीक है, जो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और लोक परंपराओं से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
चंपावत: गोल्ज्यू महोत्सव में आज से सजेंगी स्टार नाइट्स, गोरलचौड़ मैदान में गूंजेंगी लोकधुनें।

