

आरटीओ के नाम से आया था फर्जी संदेश, मोबाइल हैक कर कई दिनों तक खाते से निकालते रहे रकम।
चंपावत। साइबर ठगों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए सरकारी चालान के नाम पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय को अपना शिकार बना लिया। आरटीओ चालान का मैसेज खोलना उन्हें इतना महंगा पड़ा कि उनके बैंक खाते से करीब 1.70 लाख रुपये साफ हो गए। ठगों ने मोबाइल फोन हैक करने के बाद कई दिनों तक खाते से रकम निकाली, लेकिन उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार, दिवाली के दौरान उनके मोबाइल पर टनकपुर के एक अज्ञात नंबर से आरटीओ चालान का संदेश आया था। संदेश खोलने के कुछ समय बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। इसके बाद बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में धनराशि निकलने लगी। 13 नवंबर तक खाते से करीब 1.70 लाख रुपये निकाले जा चुके थे।
बताया गया है कि ट्रूकॉलर के माध्यम से एक संदेश मिलने के बाद उन्हें खाते से रकम गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।
सरकारी विभाग के नाम पर हुई इस ठगी ने साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। अब ठग फर्जी चालान और विभागीय संदेशों के जरिए लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं।
फोटो_ साइबर ठगी के शिकार भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय।




