

चार दिवसीय अंतर महाविद्यालयी प्रतियोगिता का समापन, 12 महाविद्यालयों के 129 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
लोहाघाट। स्वामी विवेकानंद राजकीय पीजी कॉलेज में आयोजित चार दिवसीय अंतर महाविद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में टनकपुर महाविद्यालय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। छह स्वर्ण पदक जीतकर टनकपुर की टीम पहले स्थान पर रही, जबकि तीन स्वर्ण पदकों के साथ मेजबान स्वामी विवेकानंद राजकीय पीजी कॉलेज लोहाघाट ने उप विजेता का खिताब हासिल किया।
प्रतियोगिता में 12 महाविद्यालयों के अलावा चंपावत, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ परिसर के कुल 129 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इनमें 61 छात्राएं शामिल रहीं। खिलाड़ियों ने हाफ मैराथन, हाई जंप, लॉन्ग जंप, जैवलिन थ्रो, शॉटपुट और हैमर थ्रो सहित विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेखा जोशी ने विजेता एवं उप विजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में सभी महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने खेल भावना, अनुशासन और उच्च आदर्शों का परिचय दिया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में टीम लीडरों और सहयोगियों की भूमिका की भी सराहना की।
प्रतियोगिता का आयोजन क्रीड़ा प्रभारी डॉ. रुचिर जोशी, डॉ. दिनेश राम और विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी प्रो. लियाकत अली की देखरेख में हुआ। खास बात यह रही कि पहली बार छमनियाचौड़ स्टेडियम में महाविद्यालय की ओर से अंतर महाविद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्रसंघ पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। बाहरी महाविद्यालयों से आए खिलाड़ियों और टीम प्रभारियों ने मेजबान महाविद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए प्राचार्य और आयोजन समिति का आभार जताया।
फोटो_ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित करते हुए




