चंपावत जिला पत्रकार संगठन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ।

Share This Post

एडीएम, डॉ. महर व विधायक प्रतिनिधि रहे मुख्य अतिथि, पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर दिया जोर।

चंपावत। जिला पत्रकार संगठन चंपावत के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का समारोह पूर्वक शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हो गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली ने की, जबकि संचालन सतीश जोशी द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि  डॉ. मदन महर, विशिष्ट अतिथि अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी एवं विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि डॉ. मदन महर ने संगठन के जिला अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद चतुर्वेदी व देवेंद्र देवा, उपाध्यक्ष भगवान राम, महासचिव गिरीश बिष्ट, सचिव शुभम गौड़ तथा कोषाध्यक्ष दिनेश भट्ट को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण से पूर्व पत्रकारों ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. मदन महर ने सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने पत्रकारिता काल को याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान पत्रकारों की लेखनी पर शासन का विशेष भरोसा था, जिसके आधार पर अनेक आंदोलनकारियों को मान्यता देकर सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया। उन्होंने पत्रकारों से जनता की आवाज बनने और अपने कार्य-व्यवहार में विश्वसनीयता बनाए रखने का आह्वान किया।
अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी ने कहा कि सीमांत जिले चंपावत के पत्रकारों की सोच एवं लेखनी में चिंतन, मनन और मंथन की विशेष धार है, जिससे जिला लगातार नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि चंपावत को एक मॉडल जिले के रूप में विकसित होते हुए सभी लोग साक्षी बनने जा रहे हैं, जो हिमालयी राज्यों को नई दिशा और दशा देगा।
विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने मुख्यमंत्री की ओर से सभी पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि शीघ्र ही जिले के पत्रकारों के साथ संवाद की व्यवस्था की जाएगी, जिससे जिले के नियोजन को नया स्वरूप मिलेगा। उन्होंने प्रेस क्लब की स्थापना की पहल का उल्लेख करते हुए पत्रकारों को देहरादून में आयोजित उत्तरायणी कौतिक मेले में आमंत्रित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिले के सभी पत्रकार एकजुट होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और संगठन को नई दिशा देंगे। जिला महामंत्री गिरीश बिष्ट ने संगठन की भावी कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पाण्डेय, मोहन राजपूत एवं चंद्रशेखर जोशी ने पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर रुद्रपुर से आए वरिष्ठ पत्रकार मोहन राजपूत, टनकपुर के राजेश देउपा, डॉ. महेश ढेक, मनदीप ढेंक, महेश चौडाकोटी को सम्मानित किया गया। पंकज पाठक सहित अन्य पत्रकारों ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। कार्यक्रम में जिले भर सभी पत्रकारों ने अपनी भागीदारी की।


फोटो – शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्य अतिथियों के साथ जिला पत्रकार संगठन के पदाधिकारी एवं पत्रकार।


Share This Post