चंपावत: जीआईसी भिंगराड़ा में सर्वसम्मति से गठित हुई SMC व PTA, मेधावियों का सम्मान

Share This Post

जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए समाजसेवी ने बढ़ाया सहयोग का हाथ

लोहाघाट। राजकीय इंटर कॉलेज भिंगराड़ा में सोमवार को आयोजित बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) एवं अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) का सर्वसम्मति से गठन किया गया। बैठक में विद्यालय के विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रधानाचार्य पंकज पंत ने की। सर्वसम्मति से अमर सिंह को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा नवीन नाथ को अभिभावक-शिक्षक संघ का अध्यक्ष चुना गया। दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने विद्यालय के शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं आधारभूत विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान परिषदीय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं सेवानिवृत्त शिक्षक एवं समाजसेवी चंद्रशेखर जोशी ने मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने को आर्थिक सहयोग प्रदान किया। उनकी इस पहल की शिक्षकों एवं अभिभावकों ने सराहना की।
प्रधानाचार्य पंकज पंत ने कहा कि विद्यालय के विकास में अभिभावकों, शिक्षकों और समाज की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समाजसेवी चंद्रशेखर जोशी के सहयोग को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए विद्यालय परिवार की ओर से उनका आभार व्यक्त किया।
बैठक में शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

फोटो_  मेधावी छात्र को सम्मानित करते शिक्षक।


Share This Post