स्वास्थ्य विभाग की पहल, छात्रों ने लिया नशा न करने का संकल्प
लोहाघाट। भारत-नेपाल सीमा से सटे राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पासम में स्वास्थ्य विभाग के सौजन्य से तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक नरेश जोशी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने सहभागिता की।
प्रधानाध्यापक नरेश जोशी ने तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह धीमा जहर है, जो शरीर को भीतर से खोखला कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को न केवल स्वयं तंबाकू से दूर रहने, बल्कि समाज में भी जागरूकता फैलाने की प्रेरणा दी।
एएनएम गीता पंत ने कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों के उदाहरण देते हुए तंबाकू के खतरों से अवगत कराया। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी काजल शर्मा ने कहा कि युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए, तभी तंबाकू मुक्त समाज का सपना साकार होगा।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मोहन सिंह, शिक्षक कृष्ण कुमार चौबे एवं सुभाष चंद्र सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में विद्यार्थियों ने तंबाकू निषेध की शपथ लेकर स्वस्थ भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाने का संकल्प लिया।
चंपावत: तंबाकू के खिलाफ सीमा क्षेत्र में जागरूकता की पहल।
