आयुष्मान कार्ड बनाकर हल्द्वानी में हुई प्लास्टिक सर्जरी, वन विभाग ने दी ₹1 लाख सहायता
चंपावत। जनपद के विकासखंड बाराकोट क्षेत्र में तेंदुए के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई महिला के उपचार में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद प्रशासन ने पीड़िता को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ करीब डेढ़ लाख रुपये की लागत से हुआ इलाज पूरी तरह निःशुल्क कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 मार्च 2026 को बाराकोट क्षेत्र की निवासी तुलसी देवी जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और तत्काल राहत एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में घायल महिला को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। वन विभाग की ओर से पीड़िता को तत्काल राहत के रूप में ₹1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी स्थित अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान महिला के पास आयुष्मान कार्ड नहीं था, जिससे इलाज में दिक्कत आ रही थी। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित पहल करते हुए मौके पर ही उनका आयुष्मान कार्ड बनवाया।
सीएमओ के समन्वय से अस्पताल प्रशासन ने महिला की प्लास्टिक सर्जरी सहित लगभग ₹1.50 लाख का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया। बेहतर उपचार मिलने के बाद अब तुलसी देवी स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुकी हैं और घर पर तेजी से स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं।
पीड़िता और उनके परिजनों ने इस कठिन समय में सहयोग देने के लिए मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया है।
चंपावत: तेंदुए के हमले में घायल महिला को मिला जीवनदान, डेढ़ लाख का इलाज मुफ्त।
