पीएम श्री विद्यालय में मतदान, मतगणना और परिणाम की पूरी प्रक्रिया ने सिखाया लोकतंत्र का पाठ।
लोहाघाट। सीमांत क्षेत्र के पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज दिगालीचौड़ में शनिवार को लोकतंत्र का जीवंत नजारा देखने को मिला। विद्यालय में आयोजित बाल संसद चुनाव के तहत छात्रों ने उत्साहपूर्वक मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक ढंग से संपन्न हुई, जिसमें मतदान से लेकर मतगणना और परिणाम घोषणा तक सभी औपचारिकताओं का पालन किया गया।
प्रधानाचार्य डॉ. सुधाकर जोशी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में इको एवं यूथ क्लब के नोडल शिक्षक नीरज नाथ गोस्वामी के नेतृत्व में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। निष्पक्ष चुनाव के लिए दीपा बोहरा को सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा अर्जुन सिंह छतोला को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया।
सुबह 9 बजे मतदान शुरू हुआ। मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी और सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रत्याशियों के एजेंट भी पूरे समय मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए रहे। विद्यालय के युवा मीडिया प्रतिनिधियों समर सिंह बोरा और प्रियांश विश्वकर्मा ने मतदाताओं से बातचीत कर चुनावी माहौल को और रोचक बना दिया।
मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना अधिकारी नवीन भट्ट, जगदीश चंद्र जोशी और सुरेंद्र जीत कौर की देखरेख में मतगणना की गई। दोपहर में प्रधानाचार्य ने परिणाम घोषित किए।
बाल संसद चुनाव में विजय सिंह 298 मत प्राप्त कर छात्र अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि चंचला अधिकारी 227 मतों के साथ छात्रा अध्यक्ष चुनी गईं। इसके अलावा प्रकाश सिंह उपाध्यक्ष, स्नेहा बोरा शिक्षा मंत्री, किरण कोहली स्वास्थ्य मंत्री, दीपा खोलिया सांस्कृतिक मंत्री, दीपक सामंत खेल मंत्री तथा आकाश आर्य अनुशासन मंत्री निर्वाचित हुए। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. सुधाकर जोशी ने कहा कि बाल संसद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक बृजेश सिंह ढेक ने किया। चुनाव को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फोटो – पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज दिगालीचौड़ में बाल संसद चुनाव के बाद विजयी छात्र प्रतिनिधियों को सम्मानित करते प्रधानाचार्य डॉ. सुधाकर जोशी।
चंपावत: दिगालीचौड़ में लोकतंत्र का महापर्व; बाल संसद चुनाव में छात्रों ने चुनी अपनी सरकार।

