चंपावत: दीपावली तक चलेगा रेडक्रॉस का स्वच्छता अभियान, दो दिन में कार्यालयों और पार्क में किया श्रमदान।

Share This Post

चार नागरिकों ने ली आजीवन सदस्यता, स्वच्छता के साथ मानव सेवा का भी दिया संदेश।

चंपावत। दीपावली से पहले शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जिला रेडक्रॉस समिति ने विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत दो दिनों तक सरकारी कार्यालयों से लेकर सार्वजनिक पार्क तक सफाई अभियान चलाया गया। समिति ने दीपावली तक नगर पालिका के अन्य वार्डों में भी अभियान जारी रखने का निर्णय लिया है।

अभियान के पहले दिन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय और जिला रेडक्रॉस कार्यालय में साफ-सफाई की गई। दूसरे दिन छतार वार्ड स्थित शहीद शिरोमणि चिलकोटी चिल्ड्रेन पार्क और आसपास के क्षेत्र में श्रमदान किया गया। जिला रेडक्रॉस समिति के चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी और सचिव जनार्दन चिलकोटी के नेतृत्व में आयोजित अभियान में वार्ड सभासद प्रेमा चिलकोटी सहित स्थानीय नागरिकों और नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों ने भागीदारी की।

चार नए आजीवन सदस्य रेडक्रॉस से जुड़े_

स्वच्छता अभियान के दौरान शंकर गिरी गोस्वामी, जीवन चंद्र जोशी, नवीन चंद्र पंत और कमल जोशी ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। समिति पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उनसे सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की।

चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी ने कहा कि स्वच्छता और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी रेडक्रॉस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सचिव जनार्दन चिलकोटी ने कहा कि स्वच्छता केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा।
समिति ने दीपावली तक नगर पालिका के अन्य वार्डों में भी स्थानीय लोगों के सहयोग से सफाई और जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया है।

फोटो_शहीद शिरोमणि चिलकोटी चिल्ड्रेन पार्क में स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान करते रेडक्रॉस समिति के पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक।


Share This Post