चंपावत: दूरियों को लांघ कर पहुंचा न्याय, डसलेख में पहली बार विधिक जागरूकता शिविर।

Share This Post

नेपाल सीमा से लगे राजकीय इंटर कॉलेज में पहली बार विधिक साक्षरता शिविर, सिविल जज बोले— महिला शक्ति बदल रही समाज की बुनियाद

चंपावत।  नेपाल सीमा से सटे दुर्गम क्षेत्र डसलेख स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में पहली बार विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। चंपावत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम ने सीमांत गांव में अधिकारों और कानून के प्रति जागरूकता की नई रोशनी जगाई।


शिविर में “अंतरराष्ट्रीय विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की भूमिका” विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज भवदीप राउत ने कहा कि बदलते समय के साथ महिलाओं की भूमिका भी व्यापक और प्रभावशाली हुई है। जो महिलाएं कभी घर तक सीमित समझी जाती थीं, आज वे आर्थिक विकास, विज्ञान, प्रशासन और नेतृत्व के क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, समान अवसर और आत्मविश्वास के बल पर महिलाएं अंतरिक्ष, सूचना प्रौद्योगिकी, उद्योग, उद्यमिता और राजनीति में अपनी सशक्त पहचान बना रही हैं। भारतीय समाज की बुनियादी संरचना को नया आयाम देने में महिलाओं का योगदान निर्णायक है। जहां भी महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिला है, वहां उन्होंने अपनी कार्यशैली और दक्षता से अलग मिसाल कायम की है।


सिविल जज राउत ने महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही सशक्त समाज की नींव होते हैं और सीमांत क्षेत्रों में ऐसे शिविर विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश चंद्र जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहला अवसर है जब इस सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित हुआ है। इससे महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता का संचार हुआ है।
पीएलबी की प्रतिनिधि गीता और मंजू ने भी कहा कि आज देश का कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है जहां महिलाएं अपनी प्रतिभा का परचम न लहरा रही हों। शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान और अंतरिक्ष तक महिलाओं की सक्रिय भागीदारी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
दुर्गम रास्तों को पार कर नेपाल सीमा क्षेत्र पहुंचे विधिक सेवा प्राधिकरण के इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम में कमल राय, बृजेश जोशी, रोशन तथा चौकी प्रभारी जगत सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Share This Post