भिंगराड़ा/चंपावत। देवशयनी एकादशी के पावन पर्व पर शनिवार, 25 जुलाई को श्री ऐड़ी बाल कृष्ण मंदिर भिंगराड़ा में सेवानिवृत्त शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर जोशी ने श्याम तुलसी का पौधरोपण किया। उन्होंने लोगों से सनातन परंपरा के संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और अपने-अपने घरों में तुलसी का पौधा लगाने का आह्वान किया।
जोशी ने बताया कि मंदिर परिसर में श्री राम तुलसी पहले से लगी हुई है, लेकिन श्याम तुलसी का पौधा नहीं था। इसी क्रम में उन्होंने देवशयनी एकादशी के अवसर पर मंदिर परिसर में श्याम तुलसी का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में तुलसी का विशेष धार्मिक महत्व है और इसे मां लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। भगवान विष्णु की पूजा में भी तुलसी का विशेष महत्व है।
उन्होंने कहा कि देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर प्रत्येक परिवार को अपने घर में तुलसी का पौधा लगाकर उसकी नियमित सेवा करनी चाहिए।
जोशी ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवशयनी एकादशी से चातुर्मास का शुभारंभ होता है। इस अवधि में भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। चातुर्मास के दौरान पूजा-अर्चना, जप, तप, व्रत और दान-पुण्य का विशेष महत्व माना गया है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में तुलसी की सेवा और प्रकृति संरक्षण दोनों का विशेष महत्व है।
फोटो_श्री ऐड़ी बाल कृष्ण मंदिर में श्याम तुलसी का पौधरोपण करते सेवानिवृत्त शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर जोशी।
चंपावत: देवशयनी एकादशी पर मंदिर में गूंजा तुलसी संरक्षण का संदेश, सेवानिवृत्त शिक्षक चंद्रशेखर जोशी ने रोपी श्याम तुलसी।
