शारदा कॉरिडोर कार्यक्रम में की गई घोषणाएं होंगी साकार, पर्यटन, संस्कृति और शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार।
चंपावत। जनपद के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत को चार महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात दी है। बीते 7 फरवरी 2026 को चंपावत में आयोजित शारदा कॉरिडोर शिलान्यास एवं माघ खिचड़ी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इन योजनाओं की घोषणा की थी। अब इन घोषणाओं को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत चंपावत में सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगभग 300 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी को शीघ्र उपयुक्त भूमि चिन्हित कर आवंटन करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, डाडा ककनई क्षेत्र को साहसिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र चंपावत के वनराजि ग्राम खिरद्वारी को उसकी पारंपरिक कला, संस्कृति और जीवनशैली के अनुरूप विकसित कर ट्राइबल टूरिज्म मॉडल के रूप में स्थापित किया जाएगा। इस पहल से पर्यटक वनराजि जनजाति की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को नजदीक से जान सकेंगे।
शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, टनकपुर में छात्राओं की सुविधा हेतु एक नए शैक्षणिक भवन का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे छात्राओं को बेहतर शिक्षण वातावरण मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं को जल्द अमलीजामा पहनाने के लिए शासन स्तर पर वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृतियों की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। योजनाओं के साकार होने से चंपावत में पर्यटन, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में विकास के नए द्वार खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।
चंपावत: धामी की चंपावत को चार बड़ी सौगातें, ऑडिटोरियम से पैराग्लाइडिंग तक विकास की नई उड़ान।
