चंपावत: नवीन करायत बने भारतीय किसान यूनियन (भानु) के जिला अध्यक्ष

Share This Post

किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई को मिलेगी नई धार

लोहाघाट। भारतीय किसान यूनियन (भानु) की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को लोहाघाट में आयोजित हुई, जिसमें संगठन के जिला स्तर पर पुनर्गठन करते हुए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से नवीन करायत को भारतीय किसान यूनियन (भानु) का नया जिला अध्यक्ष चुना गया। बैठक की अध्यक्षता प्रगतिशील किसान शंकर दत्त बगौली ने की, जबकि संचालन मोहन चंद्र पांडे ने किया।
बैठक में किसानों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। किसानों ने कहा कि कड़ी मेहनत के बावजूद जंगली जानवरों द्वारा फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों से पलायन बढ़ रहा है। उन्होंने प्रत्येक गांव में तारबाड़ की व्यवस्था किए जाने की मांग की। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए साइलेज की कीमत बढ़ने के बाद उसकी गुणवत्ता में गिरावट आई है, जिसे तत्काल सुधारा जाना चाहिए।
किसानों ने मत्स्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन स्थानों पर पानी की सुविधा नहीं है, वहां तालाब बनाए जा रहे हैं, जबकि पर्याप्त जल स्रोत वाले किसानों को यह सुविधा नहीं मिल रही। उन्होंने मछली पालन के साथ मुर्गी पालन को जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने का सुझाव दिया। साथ ही सब्जी मंडी की स्थापना, हल्द्वानी में फूलों की मंडी और जिले के विभिन्न ब्लॉकों में कोल्ड स्टोरेज निर्माण की मांग रखी।
नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष नवीन करायत ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करने के बावजूद निराश महसूस कर रहा है। भारतीय किसान यूनियन (भानु) किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी और जिला प्रशासन से निरंतर संवाद स्थापित करेगी।
बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र लोहाघाट में लंबे समय से जमे वैज्ञानिक व कर्मचारियों को बदलकर नए चेहरे लाने की मांग भी की गई। किसानों ने कहा कि केंद्र में भारी राशि केवल वेतन में खर्च हो रही है, जबकि किसानों को वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा। हालांकि, किसानों ने सब्जी वैज्ञानिक डॉ. एके सिंह के कार्यों की सराहना की और वर्तमान महिला सब्जी वैज्ञानिक द्वारा किए जा रहे प्रयासों को भी सकारात्मक बताया।

नई जिला कार्यकारिणी_
संरक्षक – शंकर दत्त बगौली, महेश सुतेड़ी
जिला अध्यक्ष – नवीन करायत
उपाध्यक्ष – राजकिशोर साह
महासचिव – मनिष बगौली, मोहन चंद्र राय
संगठन मंत्री – गंगा दत्त जोशी
मीडिया प्रभारी – मोहन चंद्र चंद पांडे
कोषाध्यक्ष – दीपक साह
लोहाघाट ब्लॉक अध्यक्ष – गोपाल दत्त पुनेठा
लोहाघाट ब्लॉक उपाध्यक्ष – विनोद विश्वकर्मा

संगठन ने शीघ्र ही जिले के चारों ब्लॉकों का भ्रमण कर किसानों से संपर्क करने और ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत करने का निर्णय लिया।


Share This Post