चंपावत: नशे को चुनौती, किताबों से दोस्ती! गड़कोट में खुला निःशुल्क पुस्तकालय।

Share This Post

भेंट घाट में युवाओं की पहल, शिक्षा और सकारात्मक बदलाव की नई मुहिम।

गड़कोट/चंपावत, 25 अक्टूबर। नशे से दूर रहने और किताबों से जुड़ने का संदेश लेकर गड़कोट ग्रामसभा के भेंट घाट में ‘सप्तेश्वर नागरिक निःशुल्क पुस्तकालय’ शुरू हो गया है। जिए पहाड़ समिति और Untold Stories of Kumaon की पहल पर खुले इस पुस्तकालय का उद्देश्य गांव के बच्चों और युवाओं को पढ़ाई, रचनात्मकता और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।

युवा जमुना गिरी महाराज ने रिबन काटकर पुस्तकालय का शुभारंभ किया। इसके बाद सप्तेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश चंद गड़कोटी और कोषाध्यक्ष प्रकाश चंद इजरवाल ने दीप प्रज्ज्वलित किया। पुस्तकालय के लिए सप्तेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट ने स्थान उपलब्ध कराया। डॉ. विनोद जोशी ने अपने पिता स्वर्गीय पंडित मोतीराम जोशी की स्मृति में सहयोग दिया। ग्रामीणों और स्थानीय युवाओं के सामूहिक प्रयास से यह पहल धरातल पर उतरी।

बाइट_युवा सचिन गढ़कोटी!



जिए पहाड़ समिति के जिला समन्वयक अनिल चौधरी ‘पिंकी’ ने कहा कि पुस्तकालय का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना है। पुस्तकालय को ऐसा साझा मंच बनाने की योजना है, जहां बच्चे और युवा पढ़ने के साथ अपने विचार साझा कर सकें और गांव के विकास पर चर्चा कर सकें।

यह पहल संदेश देती है कि युवाओं को सही दिशा देने के लिए केवल नसीहत नहीं, बल्कि शिक्षा और अवसर भी जरूरी हैं। भेंट घाट का यह पुस्तकालय गांव में पढ़ने की संस्कृति विकसित करने और नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास है।

फोटो_गड़कोट के भेंट घाट में निःशुल्क पुस्तकालय का शुभारंभ करते युवा।


Share This Post