चंपावत: नौ दिन बाद भी आदमखोर गुलदार पकड़ से बाहर, अब मारने की उठी मांग!

Share This Post

सुनीता जोशी और सचिन जोशी ने आदमखोर घोषित कर मारने की उठाई मांग, डीएम-डीएफओ को सौंपा ज्ञापन।

चंपावत। लोहाघाट के सुई-पऊ ग्राम पंचायत के डुंगरी क्षेत्र में 13 वर्षीय हर्षित पुजारी की जान लेने वाला गुलदार नौ दिन बाद भी वन विभाग की पकड़ में नहीं आया है। क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। अब जनप्रतिनिधियों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की मांग उठाई है।

जिला पंचायत सदस्य सुनीता जोशी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी ने जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं प्रभागीय वनाधिकारी धीनू पुरुषोत्तम को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि 4 नवंबर को गुलदार के हमले में मासूम हर्षित की मौत के बाद भी क्षेत्र में खतरा बरकरार है। ग्रामीण भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने किसी दूसरी अनहोनी से पहले गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की संस्तुति के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।



इधर, वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए क्षेत्र में सात पिंजरे, 12 कैमरा ट्रैप और तीन लाइव कैमरे लगाए हैं। उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि गुलदार दो बार कैमरे में कैद हुआ है, लेकिन अब तक पिंजरे में नहीं फंसा। विभागीय टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हैं।

नौ दिन बाद भी गुलदार का न पकड़ा जाना ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि किसी और की जान जाने से पहले वन विभाग प्रभावी कार्रवाई करे।

फोटो_ गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की मांग को लेकर जिलाधिकारी एवं डीएफओ को ज्ञापन सौंपते सचिन जोशी।


Share This Post