तीन बार हुई रिकाउंटिंग के बाद निर्दलीय नारायण लाल बने पाटी नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष, भाजपा को 164 मतों से दी शिकस्त।
लोहाघाट/पाटी, 11जून। नवगठित नगर पंचायत पाटी के पहले चुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला। इंडियन आइडल विजेता एवं कुमाऊं के लोकप्रिय लोकगायक पवनदीप राजन के समर्थन से चुनाव मैदान में उतरे उनके जीजा और निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 164 मतों से पराजित कर इतिहास रच दिया। दिलचस्प बात यह रही कि अध्यक्ष पद के परिणाम को लेकर मतगणना के दौरान तीन बार रिकाउंटिंग कराई गई, जिसके बाद अंतिम परिणाम घोषित किया गया। मतगणना में नारायण लाल को 678, नवीन राम को 514 तथा पार्वती देवी को 301 मत प्राप्त हुए। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और रंग-गुलाल के बीच समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया।
चुनाव के दौरान इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन ने अपने जीजा नारायण लाल के समर्थन में जमकर प्रचार किया। उन्होंने जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से नारायण लाल को समर्थन देने की अपील की। क्षेत्र में पवनदीप की लोकप्रियता और युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ का असर चुनावी माहौल में साफ दिखाई दिया। यही वजह रही कि पूरे चुनाव में पवनदीप का प्रचार चर्चा का प्रमुख विषय बना रहा।
दूसरी ओर नगर पंचायत के पहले चुनाव को प्रतिष्ठा का प्रश्न मानते हुए भाजपा ने भी पूरी ताकत झोंक दी थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के करीबी नेताओं सहित पार्टी के कई दिग्गज चेहरे क्षेत्र में सक्रिय रहे। जनसभाएं हुईं, घर-घर संपर्क अभियान चलाए गए और जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरा संगठन मैदान में उतरा, लेकिन जनता ने सभी राजनीतिक समीकरणों को पलटते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में फैसला सुनाया। मतगणना के दौरान अध्यक्ष पद को लेकर काफी रोमांच बना रहा। मतों की गिनती पूरी होने के बाद परिणाम को लेकर संशय की स्थिति बनी, जिसके चलते तीन बार रिकाउंटिंग कराई गई। हर बार मतों की दोबारा गिनती होने से प्रत्याशियों और समर्थकों की धड़कनें बढ़ती रहीं, लेकिन अंततः नारायण लाल की बढ़त कायम रही और उन्हें विजेता घोषित कर दिया गया। नगर पंचायत के चार वार्डों के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं। वार्ड संख्या-1 रानीचौड़ से शांति देवी ने 166 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। वार्ड संख्या-3 न्यू कॉलोनी से नवल पचोली 183 मतों के साथ विजयी रहे। वार्ड संख्या-4 पुनाकोट से संगीता ने 145 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि जोलाड़ी वार्ड से बबलू सिंह (बलराज पाटनी) ने 151 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। विजय के बाद नारायण लाल ने अपनी जीत को पाटी की जनता की जीत बताते हुए सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा और नगर पंचायत के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
पाटी नगर पंचायत के पहले चुनाव ने यह साफ संदेश दे दिया है कि स्थानीय नेतृत्व, जनसंपर्क और जनता का विश्वास कई बार बड़े राजनीतिक दलों और दिग्गज नेताओं पर भी भारी पड़ जाता है। इस चुनाव में जनता ने अपने मत के जरिए यही संदेश दिया और पाटी को उसका पहला निर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष मिल गया।
फोटो_ लोकगायक पवनदीप राजन।
चंपावत: पवनदीप के प्रचार का चला जादू, धामी के धुरंधर पड़े फीके।

