चंपावत: पहाड़ों में गूंजा मोर का नृत्य: पनारघाटी के चमनपुर में दिखा ‘तराई का शाही मेहमान’।

Share This Post

पहली बार इतने करीब दिखा राष्ट्रीय पक्षी, ग्रामीणों में उत्साह बदलते मौसम का संकेत मानी जा रही घटना।

लोहाघाट। चंपावत जिले के पनारघाटी के बेड़ा बेड़वाल गांव के चमनपुर तोक में शनिवार को उस समय उत्साह और कौतूहल का माहौल बन गया, जब यहां अचानक मोर का एक खूबसूरत जोड़ा नजर आया। आमतौर पर तराई और मैदानी क्षेत्रों में पाए जाने वाले इस शाही पक्षी को पहाड़ी क्षेत्र में देखकर ग्रामीण आश्चर्यचकित रह गए। गांव की पूर्व प्रधान मीनाक्षी जोशी ने बताया कि जैसे ही मोर का जोड़ा गांव में दिखाई दिया, लोगों को अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ। कुछ ही देर में यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण इस दुर्लभ नजारे को देखने के लिए मौके पर पहुंच गए। कई लोगों ने इस अनोखे पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।
स्थानीय लोगों का मानना है कि बदलते मौसम चक्र और पर्यावरणीय बदलावों के चलते अब तराई के पशु-पक्षी भी पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं। मोर का इस तरह ऊंचाई वाले क्षेत्र में दिखाई देना प्रकृति के बदलते संकेतों की ओर इशारा करता है। ग्रामीणों के लिए यह दृश्य किसी उत्सव से कम नहीं था जहां एक ओर हैरानी थी, वहीं दूसरी ओर इस सुंदर पक्षी को अपने बीच देखकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।


बॉक्स-


पहले भी दिख चुका है मोर, वन विभाग सतर्क – एसीएफ नेहा चौधरी।


उप प्रभागीय वनाधिकारी नेहा चौधरी ने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व भी पनारघाटी क्षेत्र में मोर का जोड़ा देखा गया था। संभावना है कि इन पक्षियों ने आसपास के जंगलों में स्थायी बसेरा बना लिया हो। उन्होंने कहा कि पनार घाटी की जलवायु मोर के लिए अनुकूल मानी जाती है और यह भी संभव है कि ये पक्षी सरयू व पनारघाटी नदी से होते हुए इस क्षेत्र तक पहुंचे हों।
उन्होंने यह भी बताया कि जिस तरह पहले बंगाल टाइगर का मुख्य आवास तराई क्षेत्र रहा है, अब वे भी सीमांत इलाकों से पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। जागेश्वर, बागेश्वर और मायावती के जंगलों में भी उनकी उपस्थिति दर्ज की गई है। मायावती क्षेत्र विशेष रूप से वन्यजीवों के लिए सुरक्षित माना जाता है। वन विभाग इन दुर्लभ वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है।



फोटो – पनारघाटी चमनपुर (बेड़ा बेड़वाल) में दिखा मोर का खूबसूरत ‘तराई मेहमान’, जिसे ग्रामीणों ने कैमरे में कैद किया।


Share This Post