पं.बेनीराम पुनेठा राजकीय इंटर कॉलेज में पहली बार भव्य पुरातन छात्र मिलन समारोह, 11 फरवरी को जुटेंगे देशभर के पूर्व छात्र।
लोहाघाट। चंपावत जिले की शैक्षिक पहचान और गौरवशाली विरासत के प्रतीक पंडित बेनीराम पुनेठा राजकीय इंटर कॉलेज, लोहाघाट में लगभग 59 वर्षों के बाद पहली बार ऐतिहासिक पुरातन छात्र मिलन समारोह (एलुमनी मीट) आयोजित होने जा रहा है। यह कार्यक्रम 11 फरवरी को विद्यालय परिसर में होगा, जिसमें देशभर में विभिन्न सेवाओं में कार्यरत पूर्व छात्र बड़ी संख्या में शामिल होंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
विद्यालय की स्थापना वर्ष 1947 में दानवीर पंडित बेनीराम पुनेठा और उनके परिवार के सहयोग से हुई थी। उनके पुत्रों द्वारा उस समय 50 हजार रुपये की बड़ी धनराशि दान कर जूनियर हाई स्कूल की नींव रखी गई, जो बाद में हाई स्कूल और फिर राजकीय इंटर कॉलेज के रूप में विकसित हुआ। विद्यालय के लिए पाटन गांव के पाटनी व पांडे परिवार तथा लोहाघाट के राय बंधुओं द्वारा 22 एकड़ भूमि दान की गई, जो आज भी इस संस्थान की अमूल्य धरोहर है।
वर्ष 1956 में इंटरमीडिएट का दर्जा मिलने के बाद यह विद्यालय शिक्षा का प्रमुख केंद्र बना। इसकी शैक्षिक प्रतिष्ठा लखनऊ, बनारस, प्रयागराज, फैजाबाद और अल्मोड़ा तक फैली। प्रारंभिक दौर में पं. बेनी प्रसाद भट्ट और बाद में आर.सी. तिवारी जैसे विद्वान प्रधानाचार्यों के नेतृत्व में विद्यालय ने अनुशासन और गुणवत्ता के नए मानक स्थापित किए। उस समय यह काली कुमाऊं तहसील का एकमात्र प्रमुख शिक्षण संस्थान था, जहां पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और नैनीताल तक से छात्र अध्ययन हेतु आते थे।
आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए पुनेठा परिवार द्वारा शुरू की गई पंडित हरिनंदन पुनेठा छात्रवृत्ति योजना से सैकड़ों छात्रों को लाभ मिला। इस विद्यालय की शैक्षिक परंपरा से प्रेरित होकर क्षेत्र में आज 62 इंटर कॉलेज, दो सहायता प्राप्त इंटर कॉलेज, लगभग डेढ़ दर्जन पब्लिक स्कूल, 43 राजकीय हाई स्कूल और चार मान्यता प्राप्त हाई स्कूल स्थापित हो चुके हैं।
1957 में निर्मित विद्यालय का भव्य भवन अपने समय में पूरे उत्तर प्रदेश में एक आदर्श शैक्षिक परिसर माना जाता था। परिसर में स्थापित दानवीर पंडित बेनीराम पुनेठा की प्रतिमा आज भी विद्यार्थियों को त्याग, सेवा और शिक्षा के मूल्यों की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम संयोजक श्याम चौबे लंबे समय से अपनी जमा पूंजी को निरंतर विद्यालय के विकास और आयोजन व्यवस्थाओं के लिए समर्पित करते आ रहे हैं, जिसे विद्यालय परिवार और पूर्व छात्रों द्वारा सराहा जा रहा है।
कार्यक्रम संयोजक श्री चौबे ने सभी पूर्व छात्रों, शिक्षकों और शुभचिंतकों से 11 फरवरी को आयोजित इस ऐतिहासिक पुनर्मिलन समारोह में उपस्थित रहने की अपील की है।
फोटो_गौरवशाली इतिहास का साक्षी — पंडित बेनीराम पुनेठा राजकीय इंटर कॉलेज, लोहाघाट का भव्य भवन।
चंपावत: पाँच दशक बाद नया इतिहास रचेगा लोहाघाट का पुरातन विद्यालय।
