

पाटी/चंपावत। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी में मंगलवार को आयोजित रक्तदान शिविर में क्षेत्र के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। शिविर में आठ लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं के इस योगदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने की मुहिम को मजबूती मिली। शिविर में रक्तदान से पहले सभी रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया। इस दौरान रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व की जानकारी भी दी गई और लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की गई।
शिविर में वार्ड सदस्य बलराज पटनी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। पैथोलॉजिस्ट डॉ. सिद्धार्थ त्यागी, नर्सिंग ऑफिसर जीवन सिंह, काउंसलर हरीश पाण्डेय और लैब टेक्नीशियन महेंद्र सिंह समेत स्वास्थ्य कर्मियों ने शिविर के सफल संचालन में सहयोग किया।
सीएमओ ने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी है। जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता मरीज के उपचार में अहम भूमिका निभाती है। स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आपात स्थिति में मरीजों और उनके परिजनों को रक्त के लिए परेशान न होना पड़े।
उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों का आभार जताते हुए आमजन से भी रक्तदान के लिए आगे आने और इस जीवनदायी अभियान में भागीदारी करने की अपील की।
फोटो_ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी में रक्तदान करते रक्तदाता व मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम।




