चंपावत: पीजी कॉलेज में चुनावी हलचल तेज, 29 सितंबर को होगा शक्ति परीक्षण!

Share This Post

लोहाघाट। स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट में छात्रसंघ चुनाव का ऐलान होते ही कॉलेज की सियासत गरमा गई है। चुनावी मैदान सजने लगा है और संभावित प्रत्याशियों ने छात्रों के बीच संपर्क बढ़ाना शुरू कर दिया है। 29 सितंबर को होने वाला मतदान तय करेगा कि छात्रसंघ की कमान किसके हाथ जाएगी।
प्राचार्य डॉ. रेखा जोशी ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए छह सदस्यीय चुनाव समिति गठित की है। डॉ. एनके लोहनी को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। समिति में डॉ. दीपक खाती, डॉ. रुचिर जोशी, डॉ. बीआर लोहिया, डॉ. ममता बिष्ट और डॉ. दिनेश राम को जिम्मेदारी दी गई है। अधिसूचना जारी होते ही महाविद्यालय में चुनाव आचार संहिता लागू कर दी गई है।

इस वर्ष कॉलेज में 2850 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है, जबकि चुनाव की घोषणा तक करीब 2600 विद्यार्थियों ने फीस जमा की है। फीस जमा नहीं करने वाले छात्र-छात्राएं मतदान नहीं कर सकेंगे। ऐसे में चुनावी मैदान में उतरने वाले दावेदारों की नजर अब कॉलेज के करीब 2600 संभावित मतदाताओं पर रहेगी।

24 सितंबर को सुबह 10:15 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र खरीदे जाएंगे। 25 सितंबर को इसी समय में नामांकन पत्र जमा होंगे। 26 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
27 सितंबर को सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक नाम वापसी होगी। दोपहर दो बजे के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। इसके बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

29 सितंबर को सुबह नौ बजे से दोपहर 1:30 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के एक घंटे बाद मतगणना शुरू की जाएगी। परिणाम उसी दिन घोषित होंगे और इसके तत्काल बाद निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी। आचार संहिता तोड़ने वालों पर चुनाव समिति नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

प्राचार्य डॉ. रेखा जोशी ने छात्र-छात्राओं से चुनाव के दौरान महाविद्यालय की गरिमा और गौरव बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कॉलेज की अपनी गौरवशाली परंपराएं रही हैं और इसके नाम के साथ महामनीषी स्वामी विवेकानंद का नाम जुड़ा होना गर्व की बात है।
उन्होंने छात्रों से चुनावी गतिविधियों में अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने को कहा। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच भी महाविद्यालय की प्रतिष्ठा प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

फोटो_ छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों को लेकर सहयोगियों के साथ चर्चा करतीं प्राचार्य डॉ. रेखा जोशी।


Share This Post