चंपावत: बनबसा जनसेवा शिविर में 83 शिकायतों का मौके पर निस्तारण।

Share This Post

यूसीसी विवाह पंजीकरण और लंबित पेंशन प्रकरणों का त्वरित समाधान।


चंपावत। नगर पंचायत बनबसा में राज्य सरकार के “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत बहुउद्देश्यीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की।
लगभग 500 से अधिक लोगों की उपस्थिति वाले इस शिविर में कुल 83 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
शिविर में यूसीसी के अंतर्गत विवाह पंजीकरण की समस्या उठाने वाली चांदनी सौरभ एवं रुकसार राशिद का पंजीकरण स्थल पर ही कराया गया। वहीं उर्मिला मंडल और संध्या सरकार की लंबित पेंशन भी तत्काल प्रभाव से शुरू कराई गई।
दूषित जलभराव, विद्युत पोल हटाने, जन्म प्रमाण पत्र संशोधन, राशन कार्ड, स्थायी निवास और अवैध कब्जे जैसे मामलों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। समाज कल्याण, पूर्ति और कृषि विभाग को स्थलीय सत्यापन कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। शिविर में नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Share This Post