चंपावत: मई तक तैयार होगा देवभूमि रजत जयंती पार्क- डीएम।

Share This Post

चंपावत। नागनाथ वार्ड में निर्माणाधीन देवभूमि रजत जयंती पार्क का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मई माह तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा किया जाए और गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा (संख्या-670/2024) के तहत ₹133.10 लाख की लागत से बन रहा यह पार्क “आदर्श चंपावत” विजन के तहत विकसित किया जा रहा है।

नगरपालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है। पार्क को कुमाऊंनी स्थापत्य शैली के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, ताकि यह स्थानीय संस्कृति की झलक भी प्रस्तुत कर सके। पार्क में बच्चों के लिए प्ले जोन, युवाओं के लिए वॉकिंग पाथ, बुजुर्गों के लिए योग स्थल और ओपन जिम की सुविधा विकसित की जा रही है। इसके साथ ही फव्वारा, मूर्तियां, ग्रीन स्पेस, गार्डन बेंच, एलईडी लाइट, पेयजल व्यवस्था और सोवेनियर शॉप का निर्माण भी किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, सिटी मैनेजर महेश चौहान, सूरज प्रहरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

फोटो_देवभूमि रजत जयंती पार्क के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते जिलाधिकारी।


Share This Post