विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, बीएलओ को शत-प्रतिशत प्रपत्र वितरण व डिजिटाइजेशन के निर्देश।
चंपावत। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया जाए और कोई भी पात्र मतदाता प्रक्रिया से वंचित न रहे।
जिला आपदा नियंत्रण कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने तथा भरे हुए प्रपत्रों का समयबद्ध संकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही प्राप्त प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
बैठक में उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जो मतदाता गणना प्रपत्र भरकर जमा नहीं करेंगे, उनका नाम निर्वाचन नामावली में शामिल किया जाना संभव नहीं होगा। इसलिए सभी पात्र मतदाता बिना देरी अपने भरे हुए प्रपत्र संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं। अपर जिलाधिकारी ने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) से भी अभियान में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताई। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम स्तर पर खुली बैठकों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने और प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को एसआईआर कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा प्रतिदिन सायंकाल तक प्रगति रिपोर्ट नियंत्रण कक्ष और निर्वाचन कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी, डीडीएमओ देवेंद्र पटवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो – जिला आपदा नियंत्रण कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा बैठक लेते अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी।
चंपावत: मतदाता सूची में नाम बनाए रखना है तो भरें गणना प्रपत्र, एडीएम ने दी चेतावनी।
