चंपावत: मां लक्ष्मी स्वायत्त सहकारिता किमतोली की तृतीय वार्षिक आम सभा संपन्न, शेयरधारकों को बांटा ₹53,540 लाभांश।

Share This Post

चंपावत। लोहाघाट विकासखंड के अंतर्गत ग्रामोत्थान परियोजना एवं यूएसआरएलएम के सहयोग और मार्गदर्शन में मां लक्ष्मी महिला स्वायत्त सहकारिता किमतोली की तृतीय वार्षिक आम सभा आयोजित की गई। आम सभा में सहकारिता की प्रगति, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में कुल 232 शेयरधारकों एवं समूह सदस्यों ने प्रतिभाग किया।

मां लक्ष्मी स्वायत्त सहकारिता कार्यालय में समिति की अध्यक्ष पुष्पा जोशी एवं ग्राम प्रधान मंगोली निर्मला देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सहकारिता की अध्यक्ष पुष्पा जोशी एवं समन्वयक विनीत पाटनी ने सभी शेयरधारकों का स्वागत करते हुए विगत वर्ष सहकारिता के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, उपलब्धियों एवं वार्षिक प्रगति की जानकारी साझा की।

आम सभा में निदेशक मंडल द्वारा पूर्व में रिक्त हुए सचिव पद पर सर्वसम्मति से दीपिका अधिकारी का चयन किया गया, जबकि अध्यक्ष पद पर पुष्पा जोशी के नाम की पुष्टि की गई। ग्राम प्रधान मंगोली निर्मला देवी ने नवनिर्वाचित नौ सदस्यीय संचालक मंडल को पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई।

इस दौरान बिजनेस प्रमोटर नीमा पंवार ने सहकारिता द्वारा किए गए व्यवसाय और टर्नओवर की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बोर्ड द्वारा इस वर्ष प्राप्त लाभ में से ₹53,540 की धनराशि शेयरधारकों को लाभांश के रूप में वितरित करने का निर्णय लिया गया है। लाभांश मिलने से शेयरधारकों में खुशी का माहौल रहा।

कार्यक्रम में ग्रामोत्थान के सहायक प्रबंधक प्रकाश पाठक ने स्वायत्त सहकारिता अधिनियम के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वार्षिक आम सभा के संचालन में संचालक मंडल एवं सहकारिता स्टाफ को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन दिया।

आम सभा में ग्रामोत्थान के सहायक प्रबंधक सचिन, नीरज पंत, ब्लॉक मिशन प्रबंधक मुशीर अहमद, रीप ब्लॉक से चंद्रशेखर जोशी, विनीत पाटनी, आईपीआरपी दीपा, ग्राम प्रधान खतेड़ा, ग्राम प्रधान किमतोली सहित सहकारिता के संचालक सदस्य एवं स्टाफ मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन रीप समन्वयक विनीत पाटनी ने किया। वार्षिक आम सभा में महिलाओं की सहभागिता और सहकारिता के माध्यम से स्वरोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।


फोटो_ किमतोली में मां लक्ष्मी महिला स्वायत्त सहकारिता की तृतीय वार्षिक आम सभा के दौरान मौजूद शेयरधारक, समूह सदस्य एवं अतिथि।


Share This Post