चंपावत: मानटांडे गांव में 25 वर्षीय युवक की फांसी से मौत, प्रेम प्रसंग के चलते तनाव की आशंका।

Share This Post

चंपावत। जनपद चंपावत के पाटी विकासखंड अंतर्गत मानटांडे गांव में 25 वर्षीय युवक का शव उसके घर के भीतर फांसी के फंदे से लटका मिला। यह घटना 27 जनवरी की रात की बताई जा रही है। युवक की अचानक मौत से पूरे गांव में शोक और हैरानी का माहौल है।
ग्रामीणों व पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक एक युवती से प्रेम करता था और उससे विवाह करना चाहता था, लेकिन युवती विवाह के लिए सहमत नहीं थी। बताया जा रहा है कि जिस दिन युवती को देखने के लिए अन्य लोग गांव आए थे, उसी शाम से युवक मानसिक तनाव में था।
रात के समय युवक ने अपने घर के भीतर फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।  पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगना पाया गया है। फिलहाल मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस दुखद घटना से गांव में शोक की लहर है।


Share This Post