चंपावत: मूसलाधार बारिश के बीच हाई अलर्ट पर प्रशासन, खाई में गिरी कार से चार लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू।

Share This Post

रात में पुलिस, फायर और एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई, घायलों को पहुंचाया अस्पताल।

चंपावत। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जिला प्रशासन ने आपदा तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के तहत रविवार देर रात बस्तिया क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना के दौरान राहत एवं बचाव तंत्र की तत्परता देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली नंबर की एक कार (DL-12-DA-1423) छोटी पुलिया के पास लगभग 10 फीट गहरी खाई में गिर गई। कार में चार लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और भारी बारिश के बीच राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज किया गया।
जिले में बीते कुछ समय से सड़क दुर्घटनाओं और आपदा की घटनाओं में प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया लगातार देखने को मिल रही है। गंभीर घायलों को आवश्यकता पड़ने पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से हल्द्वानी और एम्स ऋषिकेश भी भेजा गया है। दुर्घटनाओं के बाद मौके पर प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई से राहत कार्य तेज और प्रभावी हुआ है।

फोटो  – बस्तिया क्षेत्र में देर रात खाई में गिरी कार के बाद भारी बारिश के बीच पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ के जवानों द्वारा चलाया गया राहत एवं बचाव अभियान।


Share This Post