चंपावत में एलपीजी की कमी की अफवाह बेबुनियाद, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध- डीएम

Share This Post

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की गैस आपूर्ति की समीक्षा, नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

चंपावत।  अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते देश के विभिन्न हिस्सों में घरेलू गैस (एलपीजी) की आपूर्ति को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बुधवार को गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में जनपद में एलपीजी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली गई।
समीक्षा बैठक में आपूर्ति विभाग और गैस एजेंसियों के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि चम्पावत जनपद में घरेलू गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से की जा रही है। कहीं भी गैस की कमी जैसी स्थिति नहीं है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के कारण कुछ स्थानों पर गैस की कमी को लेकर अनावश्यक अफवाहें फैल रही हैं, लेकिन चंपावत में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक संदेशों पर विश्वास न करें और अफवाहों से बचें।
उन्होंने आपूर्ति विभाग को निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए जनपद में एलपीजी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने भी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया कि वे ‘पैनिक बुकिंग’ से बचें और आवश्यकता के अनुसार ही गैस रिफिल बुक करें, जिससे सभी उपभोक्ताओं तक गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सरकारी सूचना और गैस कंपनियों के अधिकृत माध्यमों पर ही विश्वास करें।


Share This Post