चंपावत में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, कलेक्ट्रेट टैक्सी स्टैंड के पास मिला शव!

Share This Post

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज।

चंपावत। नगर के  कलेक्ट्रेट रोड स्थित टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया।
मृतक की पहचान उमेश जोशी (सोनू), निवासी अंबेडकर कॉलोनी, ढकना बडोला, चंपावत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बुधवार को घर आया था और परिजनों से टनकपुर जाने की बात कह रहा था। गुरुवार सुबह कलेक्ट्रेट रोड स्थित टैक्सी स्टैंड पर लगी एक फोल्डिंग चारपाई में वह मृत अवस्था में मिला।
जानकारी के अनुसार मॉर्निंग वॉक के लिए निकली मृतक की बहन की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय चंपावत ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना स्थल मृतक के घर के समीप बताया जा रहा है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली चंपावत के प्रभारी निरीक्षक बच्ची सिंह बिष्ट ने बताया कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
मृतक के पिता हेमचंद्र जोशी ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

फ़ाइल फोटो_ मृतक उमेश जोशी (सोनू)।


Share This Post