चंपावत। रीठा साहिब के दर्शन के लिए निकला एक युवक शनिवार शाम दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। ललुवापानी-बनलेख मोटर मार्ग पर किसकोट और पल्सों के बीच स्थित ओपन जिम के समीप पैराफिट पर बैठा युवक अचानक संतुलन खो बैठा और गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान लखविंदर सिंह (32 वर्ष) पुत्र तारा सिंह, निवासी नानकमत्ता के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने एक साथी के साथ पवित्र रीठा साहिब गुरुद्वारे के दर्शन के लिए जा रहा था। यात्रा के दौरान कुछ देर विश्राम के लिए वह सड़क किनारे पैराफिट पर बैठा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में जा समाया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एसपी चंपावत के निर्देश पर शुरू किए गए रेस्क्यू अभियान में स्थानीय युवाओं ने भी सराहनीय सहयोग दिया। दुर्गम खाई में उतरकर घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने युवक के शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। साथ ही परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर जरा सी असावधानी के खतरनाक परिणामों की याद दिला गया। रीठा साहिब की आस्था यात्रा पर निकले युवक की असमय मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।
फोटो_ललुवापानी-बनलेख मार्ग पर खाई में गिरे युवक के शव को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाती पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोग।
चंपावत: रीठा साहिब दर्शन को निकले युवक की दर्दनाक मौत, पैराफिट से फिसलकर गहरी खाई में गिरा श्रद्धालु।

