चंपावत: रोहित बिष्ट की केएमवीएन में ताजपोशी, चंपावत में जश्न का माहौल।

Share This Post

युवा नेता पर सरकार का भरोसा,भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर।

चंपावत। भारतीय जनता पार्टी के युवा एवं सक्रिय नेता, नगर पालिका चंपावत के दो बार निर्वाचित सभासद रोहित बिष्ट को कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) में गैर सरकारी निदेशक मनोनीत किया गया है। उनकी नियुक्ति को युवा नेतृत्व पर सरकार के भरोसे तथा चंपावत जनपद के बढ़ते राजनीतिक महत्व के रूप में देखा जा रहा है। नियुक्ति की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया तथा बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
रोहित बिष्ट लंबे समय से संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे पूर्व में जिला नियोजन समिति के सदस्य रहने के साथ-साथ भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके हैं। संगठन में उनकी सक्रियता, जनसरोकारों से जुड़ाव और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति संबंधी आदेश उत्तराखंड शासन के उप सचिव विवेक कुमार जैन द्वारा जारी किए गए हैं।
भाजपा नेताओं का कहना है कि रोहित बिष्ट ने हमेशा संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता से कार्य किया है। यही कारण है कि पार्टी और सरकार ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें केएमवीएन जैसे महत्वपूर्ण निगम में जिम्मेदारी दी है। केएमवीएन प्रदेश के पर्यटन, होटल प्रबंधन, साहसिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का संचालन करता है, ऐसे में उनकी नियुक्ति को क्षेत्र के लिए भी लाभकारी माना जा रहा है।
इसकी नियुक्ति पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, मुकेश महराना,हेमा जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे,विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी,शंकर पांडे,कैलाश अधिकारी, सुनील पुनेठा, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास साह, महामंत्री हरीश सक्टा, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि रोहित बिष्ट अपने अनुभव, ऊर्जा और दूरदर्शी सोच के बल पर निगम के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। साथ ही कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने तथा क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने में भी उनकी भूमिका अहम रहेगी।

फोटो_ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ रोहित बिष्ट।


Share This Post