चंपावत: लोहाघाट में आकार ले रहा प्रदेश का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, 256 करोड़ की परियोजना का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण।

Share This Post

विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं से सुसज्जित होगा परिसर, 300 बालिकाओं के लिए आवासीय व्यवस्था।

लोहाघाट। जनपद के लोहाघाट क्षेत्र स्थित छमनिया में लगभग 256 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन प्रदेश के प्रथम महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों का विस्तृत अवलोकन करते हुए कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह परियोजना केवल एक भवन निर्माण नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन फुटबॉल ग्राउंड, एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड, वॉलीबॉल एवं बास्केटबॉल कोर्ट, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक सहित विभिन्न खेल अवसंरचनाओं की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही 300 बालिकाओं की क्षमता वाले छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर, प्रशासनिक भवन, एकेडमिक ब्लॉक, मल्टीपर्पज हॉल, ऑडिटोरियम और गेस्ट हाउस के निर्माण कार्यों की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट में स्थापित हो रहा यह महिला स्पोर्ट्स कॉलेज अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिससे प्रदेश की बेटियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से प्रशिक्षित खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह संस्थान शिक्षा, प्रशिक्षण और आवास की समग्र व्यवस्था उपलब्ध कराएगा, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बालिकाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान सांसद एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। यह परियोजना पूर्ण होने के बाद लोहाघाट को खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी और प्रदेश में महिला खेल प्रतिभाओं के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगी।


Share This Post