खाद्य सुरक्षा विभाग ने की गुणवत्ता व स्वच्छता की जांच, 5 नमूने भेजे प्रयोगशाला।
चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लोहाघाट क्षेत्र में संचालित जनरल स्टोर एवं रेस्टोरेंटों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान मीना बाजार, पिथौरागढ़ रोड एवं खेतीखान रोड क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था एवं स्वच्छता मानकों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान एक खाद्य कारोबारी द्वारा FSSAI लाइसेंस का नवीनीकरण न कराए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया। साथ ही चाय, दलिया, मसाले एवं केचप सहित कुल 05 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रह कर जांच हेतु राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करें तथा उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का ही विक्रय सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
फोटो_ जनरल स्टोरों में खाद्य नमूने संग्रह करती खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी।
