चंपावत: शारदा घाट में बड़ा हादसा टला: डूब रहे बेटे को बचाने कूदे पिता भी फंसे, रेस्क्यू टीम ने दोनों की बचाई जान।

Share This Post

टनकपुर/चंपावत। पूर्णागिरि मेला ड्यूटी के दौरान शारदा घाट में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से युवक डूबने लगा। बेटे को बचाने के लिए उसके पिता भी नदी में उतर गए, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों की जान खतरे में पड़ गई। सूचना मिलते ही बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार शिवम कश्यप (19 वर्ष) पुत्र प्रदीप कश्यप निवासी पटेलनगर बारखिड़वा, थाना लखीमपुर, जिला खीरी (उत्तर प्रदेश) शारदा घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बेटे को संकट में देख उसके पिता प्रदीप कश्यप भी उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़े, लेकिन वे भी गहराई और तेज बहाव में फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही मेला ड्यूटी में तैनात बचाव दल तुरंत सक्रिय हो गया। टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर पिता-पुत्र दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस साहसिक बचाव अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू अभियान में हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल कपूर राणा, कांस्टेबल मनोज राणा, कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल दीपक भट्ट, 31वीं वाहिनी पीएसी की ई-टीम, जल पुलिस के राकेश गिरी, गोताखोर रविंद्र पहलवान, पीआरडी जवान सूरज शर्मा तथा स्थानीय तैराक योगेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


फोटो – शारदा घाट पर डूब रहे पिता-पुत्र को सुरक्षित बचाने के बाद रेस्क्यू टीम के जवान।


Share This Post