चंपावत: शीतावकाश में भी विद्यालय सेवा में जुटे शिक्षक श्याम दत्त चौबे।

Share This Post

निजी व जनसहयोग से चल रहे निर्माण व सौन्दर्यीकरण कार्य।

लोहाघाट।  पं० बेनीराम पुनेठा राजकीय इंटर कॉलेज, लोहाघाट के प्रवक्ता (जीव विज्ञान) एवं शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक श्याम दत्त चौबे शीतावकाश के दौरान भी विद्यालय व छात्र हित में निरंतर सक्रिय हैं। बीते 10 दिनों से वे प्रतिदिन विद्यालय में उपस्थित रहकर निर्माण व मरम्मत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।  चौबे द्वारा स्वयं व अपने परिवार से ₹1.50 लाख की धनराशि एकत्र कर तथा जनसहयोग से कुल ₹3 लाख की लागत से पं० बेनीराम पुनेठा स्मृति स्मारक स्थल, वाचनालय, मध्यान्ह भोजन कक्ष, शौचालय एवं जल व्यवस्थाओं के निर्माण व मरम्मत कार्य विद्यालय प्रबंधन समिति की देखरेख में कराए जा रहे हैं।
उन्होंने 8 वर्ष पूर्व “छात्र व विद्यालय कल्याण समिति” की स्थापना कर विद्यालय विकास को नई दिशा दी। समिति के माध्यम से निजी व जनसहयोग से अब तक ₹10 लाख से अधिक के शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि विभागीय सहयोग व प्रयासों से लगभग ₹25 लाख के निर्माण कार्य स्वीकृत कराए गए हैं।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनोहर सिंह करायत ने श्री चौबे के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रतिवर्ष अपने अवकाशों का उपयोग विद्यालय व छात्र हित में करते हैं, जो अत्यंत प्रेरणादायक है। उनके प्रयासों से विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। श्री चौबे को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान के लिए वर्ष 2023 में उत्तराखण्ड राज्य के सर्वोच्च शैक्षिक सम्मान “शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार” से राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में भी वे नवाचारी पठन-पाठन, शत-प्रतिशत परीक्षाफल एवं छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए सतत कार्य कर रहे हैं।

फोटो_ पं० बेनीराम पुनेठा राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में निर्माण कार्य में स्वयं श्रमदान करते शिक्षक श्याम दत्त चौबे।


Share This Post