लोहाघाट। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में लोहाघाट खंड के पुलहिंडोला में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य शोभायात्रा के साथ हुई, जिसमें मातृशक्ति की उल्लेखनीय भागीदारी रही। पारंपरिक परिधान में शामिल महिलाओं और युवाओं की उपस्थिति ने पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया।
सम्मेलन में विभाग कार्यवाह शंकर ने ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर विचार रखते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव, परिवार संस्था के सुदृढ़ीकरण, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण तथा सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष सेवा, समर्पण और संगठन विस्तार का अवसर है तथा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि के रूप में एकल अभियान प्रमुख निशा ने मातृशक्ति को जागरूक और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। उन्होंने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई का उदाहरण देते हुए महिलाओं से समाज नेतृत्व में आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आशीष प्रताप ने की। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
चंपावत: संघ शताब्दी वर्ष पर पुलहिंडोला में विराट हिंदू सम्मेलन, पंच परिवर्तन का आह्वान
