चंपावत: संदिग्ध मौत मामले में उभरा जनआक्रोश, निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में किया धरना प्रदर्शन।

Share This Post

डीएम के आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना।

चंपावत। जनपद चंपावत के ग्राम ढकना निवासी 35 वर्षीय उमेश जोशी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर गांव से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकालते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और परिजन कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि 5 मार्च को पार्किंग स्थल के पास उमेश जोशी का शव मिला था, लेकिन अब तक मौत के सही कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे परिवार में आक्रोश बना हुआ है।
मृतक की बहन ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि उनके भाई की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके और परिवार को न्याय मिल सके।
ग्रामीणों और परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की साथ ही काफी देर तक कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन चलता रहा,बाद में जिलाधिकारी द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए तथा उन्होंने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। प्रशासन ने कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फोटो_ धरना प्रदर्शन करते ग्रामीण व परिवारजन।


Share This Post