चंपावत: सरयू घाटी में शिक्षा संकट-  हाईस्कूल के बाद थम रहे बेटियों के सपने।

Share This Post

स्कूल चलो अभियान के बीच हकीकत कड़वी, संसाधनों के अभाव में आगे नहीं बढ़ पा रहे छात्र-छात्राएं।


लोहाघाट। एक ओर जहां सरकार का स्कूल चलो अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में गूंज रहा है, वहीं सरयू घाटी के सिंगदा और नेत्र सलान क्षेत्रों की हकीकत इस अभियान को आईना दिखा रही है। यहां के राजकीय हाईस्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की समस्याओं की ओर न तो प्रशासन का ध्यान है और न ही जनप्रतिनिधियों की कोई सक्रियता नजर आ रही है। इन दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। खासतौर पर बालिकाओं के लिए हाईस्कूल के बाद पढ़ाई लगभग ठप हो जाती है। इंटर कॉलेज की सुविधा न होने के कारण अधिकांश बेटियों का भविष्य सीमित होकर रह जाता है—या तो वे घर के कामकाज और खेती-बाड़ी में लग जाती हैं, या फिर पशुपालन में परिवार का हाथ बंटाने को मजबूर हो जाती हैं।
क्षेत्र की आर्थिक स्थिति भी इन बच्चों के सपनों के बीच बड़ी बाधा बन रही है। कुछ सक्षम परिवार अपने बच्चों को लोहाघाट या पिथौरागढ़ भेजकर किराए पर रखकर पढ़ाई करा रहे हैं, लेकिन अधिकतर अभिभावक आर्थिक तंगी के चलते ऐसा करने में असमर्थ हैं। परिणामस्वरूप, कई होनहार छात्र-छात्राएं हाईस्कूल के बाद ही शिक्षा छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।
क्षेत्र में केवल हाईस्कूल होने और छात्र संख्या कम होने के कारण इंटर कॉलेज खोलने के लिए निर्धारित मानकों को पूरा नहीं किया जा पा रहा है। इससे स्थिति और जटिल हो गई है। जो छात्र-छात्राएं वर्तमान में पढ़ भी रहे हैं, उनके माता-पिता की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर है कि वे आगे की पढ़ाई का खर्च उठाने में असमर्थ हैं। इसका असर सरकारी योजनाओं पर भी पड़ रहा है। क्षेत्र की कई बालिकाएं गौरा देवी कन्यादान योजना का लाभ सिर्फ इसलिए नहीं ले पा रहीं क्योंकि वे इंटरमीडिएट की परीक्षा पास नहीं कर पा रही हैं।

बॉक्स_

बच्चों का भविष्य अंधकार में न जाए — मंजू वाला

लोहाघाट। दूरस्थ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चुरानी की राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका मंजू वाला ने एक मां की तरह चिंता जताते हुए कहा कि इन बच्चों का भविष्य उनके लिए बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि वे इस गंभीर समस्या को जिलाधिकारी मनीष कुमार के संज्ञान में लाकर बच्चों की आगे की शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करेंगी।


Share This Post