सशक्त महिला–सशक्त समाज थीम पर कार्यक्रम- मंत्री गणेश जोशी ने कहा—पशु स्वास्थ्य व जागरूकता में पशु सखियों की भूमिका अहम।
चंपावत। टनकपुर क्षेत्र में आयोजित सात दिवसीय सरस कॉर्बेट महोत्सव के दूसरे दिन “सशक्त महिला, सशक्त समाज” थीम पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम्य विकास विभाग व जिला प्रशासन चंपावत के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में साहसिक पर्यटन, पारंपरिक खानपान, लोककला, हस्तशिल्प और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को मंच प्रदान किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने पशुपालन विभाग, ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) व ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत 19 पशु सखियों को स्मार्ट मोबाइल फोन वितरित किए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशु सखियों की भूमिका पशु स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता प्रसार में अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्मार्टफोन मिलने से वे तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम होंगी तथा डाटा कलेक्शन, ऑनलाइन पंजीकरण और रिपोर्टिंग जैसे कार्यों में आसानी होगी।

इस अवसर पर रीप परियोजना के अंतर्गत चयनित 6 स्वयं सहायता समूहों को सामूहिक उद्यम संचालन के लिए डेयरी, बकरी पालन, पॉट्स एवं नर्सरी निर्माण तथा तेल यूनिट संचालन हेतु 36 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। साथ ही व्यक्तिगत उद्यम संचालन के लिए 3 लाख 30 हजार रुपये दिए गए। कुल मिलाकर 39 लाख 30 हजार रुपये की धनराशि के चेक वितरित किए गए।
मंत्री ने कहा कि छोटे-छोटे उद्यमों से महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा और ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने समूह सदस्यों को दी गई सहायता राशि के प्रभावी उपयोग और उद्यम संचालन में पारदर्शिता व प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
स्मार्टफोन व चेक वितरण कार्यक्रम का संचालन एपीडी विम्मी जोशी ने किया।
अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल, ब्लॉक प्रमुख अचला बोरा, एपीडी विम्मी जोशी, डीडीओ दिनेश दिगारी, डीपीएम रीप ममराज, सहायक प्रबंधक प्रकाश चंद्र पाठक सहित अन्य अधिकारी, समूह सदस्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
