

मांगें नहीं मानी तो 1 अक्टूबर से कलम बंद, 5 अक्टूबर से देहरादून में आर-पार की लड़ाई
लोहाघाट। लंबित मांगों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज साधन सहकारी समिति सचिव और कर्मचारियों ने अब आर-पार के आंदोलन का ऐलान कर दिया है। लोहाघाट में हुई बैठक में संयुक्त संघर्ष समिति का गठन कर आंदोलन की रूपरेखा तय की गई।
संगठन ने दो टूक चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 1 अक्टूबर से प्रदेशभर में कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद 5 अक्टूबर से सचिव और कर्मचारी देहरादून पहुंचकर रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
सचिव-कर्मचारियों ने राजकीय कर्मचारी का दर्जा देने, सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने, लंबित मांगों का तत्काल समाधान करने और नई सहकारी समितियों के गठन पर पुनर्विचार की मांग उठाई है। संगठन ने साफ किया कि मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा।
बैठक में जगदीश जोशी, निर्मल चंद्र भट्ट, ललित चौड़ाकोटी, तुलसी प्रसाद भट्ट, महेश भोरा, ललित मेहरा, प्रकाश जोशी, हरीश जोशी सहित कई सचिव एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो_ बैठक में आंदोलन की रणनीति तय करते सहकारी समिति सचिव एवं कर्मचारी।




