बीजेपी नेता राजू गड़कोटी ने सीएम धामी को भेजा अनुरोध पत्र, आर्थिक तंगी से जूझ रहे युवाओं के लिए उठाई आवाज।
लोहाघाट। प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया के तहत ट्रायल जनपद स्तर पर आयोजित किए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया संयोजक एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी राजू गड़कोटी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अनुरोध पत्र भेजकर अहम पहल की मांग उठाई है। राजू गड़कोटी ने लोहाघाट में निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के बच्चों और युवाओं में खेल के प्रति नया उत्साह और उमंग देखने को मिल रही है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के तहत ट्रायल देहरादून में आयोजित होते हैं, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों के कई प्रतिभाशाली बच्चे आर्थिक तंगी के कारण भाग नहीं ले पाते। ऐसे में योग्य होने के बावजूद वे प्रवेश से वंचित रह जाते हैं।
गड़कोटी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि स्पोर्ट्स कॉलेजों के ट्रायल जनपद स्तर पर आयोजित किए जाएं, ताकि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी समान अवसर मिल सके और उनकी प्रतिभा को सही मंच मिल पाए। उन्होंने कहा कि यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो प्रदेश के खेल प्रतिभाओं को नई दिशा मिलेगी और ग्रामीण अंचल से भी खिलाड़ी आगे बढ़कर राज्य और देश का नाम रोशन कर सकेंगे।
फोटो_ राजू गड़कोटी।
चंपावत: स्पोर्ट्स कॉलेज ट्रायल जिले में कराने की उठी मांग, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा मौका।

